जळगाव | 27 अक्टूबर 2025
मराठी फिल्म इंडस्ट्री से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। जळगाव जिले के पारोळा तालुका के उंदिरखेडे गांव के रहने वाले युवा अभिनेता सचिन गणेश चांदवडे ने 25 साल की उम्र में आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि सचिन ने अपने घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
इस घटना से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा गांव और फिल्म जगत सदमे में है। सचिन एक उभरते हुए कलाकार थे और साथ ही पुणे के आईटी पार्क में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम भी करते थे।
अभिनेता सचिन ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
परिवार के मुताबिक, सचिन को कमरे में बेहोश लटका हुआ देखकर तुरंत नीचे उतारा गया और पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें धुले अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना 23 अक्टूबर की दोपहर सामने आई और 24 तारीख की रात उन्होंने अंतिम सांस ली।
एक्टर और इंजीनियर – दोनों पहचानें थीं उनकी
सचिन चांदवडे न सिर्फ पढ़ाई में होशियार थे बल्कि उन्हें बचपन से अभिनय का शौक था। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ अपनी एक्टिंग के सपने को भी जिंदा रखा। पुणे और मुंबई में रहते हुए उन्होंने कई मराठी प्रोजेक्ट्स में काम किया।
उनका आने वाला मराठी सिनेमा ‘असुरवन’ जल्द रिलीज़ होने वाला था। कुछ दिन पहले ही उन्होंने इस फिल्म को लेकर इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की थी। इसके अलावा वे ‘जमतारा 2’ में भी नजर आने वाले थे। इससे पहले उन्होंने ‘विषय क्लोज’ नाम की फिल्म में भी काम किया था।

गांव और दोस्तों में गम का माहौल
सचिन सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं थे। वे ढोल-ताशा पथक से भी जुड़े थे और गणेशोत्सव व गुढीपाडवा जैसे त्योहारों में सक्रिय रूप से भाग लेते थे। सोशल मीडिया जैसे इंस्टाग्राम और ट्विटर पर उन्होंने कई कलाकारों के साथ तस्वीरें भी साझा की थीं।
उनकी अचानक हुई मौत से गांव में मातम छा गया है। परिवार, दोस्तों और साथी कलाकारों ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किए हैं।
आत्महत्या का कारण अब तक स्पष्ट नहीं
पारोळा पुलिस ने मामले में अकस्मात मृत्यु की रिपोर्ट दर्ज की है। हालांकि अभी तक आत्महत्या के पीछे का कारण सामने नहीं आया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
एक प्रतिभाशाली कलाकार की अधूरी कहानी
सिर्फ 25 साल की उम्र में इस तरह जाना किसी के लिए भी चौंकाने वाला है। सचिन के करीबी लोग बताते हैं कि वह हमेशा मुस्कुराने वाले, मददगार और जोश से भरे हुए थे। अभिनय की दुनिया में बड़ा नाम कमाने का सपना उन्होंने देखा था, लेकिन किस्मत ने उन्हें बीच राह में रोक दिया।





